Maharajganj News : तीन शादियां छिपाकर रचाई चौथी शादी? फिर पत्नी को क्यों घर से निकाला
17-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में एक महिला ने पति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नटवां की तैबुननिशा ने पति अवुहौरेरा निवासी ग्राम पकड़ी खुर्द के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि युवक ने तीन शादियां छिपाकर उससे शादी की और मां से रुपये नहीं मांगने पर घर से निकाल दिया।
महिला तैबुननिशा का आरोप है कि शादी के बाद पति ने अत्याचार शुरू कर दिया। वह लगातार मारपीट करता और उसकी मां से पैसे मांगने का दबाव डालता था। जब महिला ने इनकार कर दिया तो पति ने गलत तरीके से महिला की मां पर बच्चे गिराने का झूठा आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करा दिया और महिला को अपनी मां के खिलाफ बयान देने के लिए जबरदस्ती दबाव बनाया। जब महिला ने मना कर दिया तो पति ने उसे बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया।
तैबुननिशा ने आरोप लगाया कि अवुहौरेरा ने उसे बहला-फुसलाकर शादी का झांसा दिया और बताया कि उसकी कोई शादी नहीं हुई है। माता-पिता की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली लेकिन घर पहुंचते ही पता चला कि पति पहले से तीन शादियां कर चुका है।
महिला ने बताया कि 10 मार्च को पति उसे जबरदस्ती महराजगंज लेकर आया और मां के खिलाफ बयान देने को मजबूर करने लगा। किसी तरह जान बचाकर भाग निकली और अब माता-पिता के पास सुरक्षित पहुंच गई है। पति अवुहौरेरा मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तैबुननिशा की तहरीर पर आरोपी पति अवुहौरेरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।