Maharajganj News : इस बार ईद-नवरात्र साथ-साथ, बाजार में उमड़ी महिलाओं की भीड़

    18-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में ईद और चैत्र नवरात्र के नजदीक आते ही रेडीमेड कपड़ों के बाजार की रौनक बढ़ गयी है। अधिकतर महिलाएं त्योहारों को देखते हुए कपड़ों की खरीदारी में व्यस्त हैं।

कारोबारियों के मुताबिक, इन दिनों नवरात्र को लेकर खरीद का दौर शुरू है जिसमें लाल, पीले व सात्विक रंगों को अधिक तरजीह दी जा रही है। कपड़ों की दुकान पर महिलाएं अधिक नजर आ रही हैं। महिलाएं मौसम को देखते हुए खरीदारी कर रही हैं। ईद की तिथि अभी मुकर्रर नहीं।

चांद रात होने के बाद गुरुवार या शुक्रवार को ईद पड़ सकती है। जबकि चैत्र नवरात्र गुरुवार से शुरू हो रहा है। रेडीमेड वस्त्र विक्रेता त्योहारों की जुगलबंदी देखकर तरह- तरह के छूट व मौसम आधारित कपड़ों की रेंज बिक्री शुरू कर चुके हैं।


निचलौल रोड पर रेडीमेड कपड़ों के कारोबारी पूरब तिवारी ने बताया कि महिलाएं नवरात्र के मद्देनजर हल्के रंग के कपड़े पसंद कर रही हैं। ऐसे कपड़े जो व्रत उपासना के दौरान पहनने के लिहाज से उपयुक्त हों। हल्के कलर के सूट व कुर्तियां अधिक बिक रही हैं। साड़ियों की खरीद में लाल व पीले रंग की सूती साड़ी व चुनरी प्रिंट की साड़ियों की डिमांड बढ़ी है। सोमवार को दुकान का कारोबार 60 हजार से अधिक का रहा।

फरेंदा हाईवे पर मॉल संचालित करने वाले हरिओम सिंह ने बताया कि युवतियों के लिए काफी आकर्षक कुर्तियों की रेंज उपलब्ध है। बिक्री का ग्राफ बढ़ा है। खरीदारी करती मिलीं कविता ने बताया कि गर्मी में हल्के कपड़े ही पहन सकते हैं।  बाजार में 200 से 250 रुपये में मिलने वाली कुर्ती भी आरामदायक है। इसे किसी के साथ मैच करके पहन सकते हैं।