Maharajganj News : सिलेंडर लेने पहुंचे थे… लौटे खून से लथपथ! घुघली गैस एजेंसी पर भयंकर मारपीट
18-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के जोगिया मोड़ स्थित एचपी गैस एजेंसी पर मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मचारियों के बीच जमकर कहासुनी हो गयी और देखते ही देखते यह झगड़ा मारपीट में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एजेंसी के कर्मचारियों ने बांस और बल्ली से उपभोक्ता की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग दहशत में और स्थिति तनावपूर्ण नज़र आयी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बवाल कर रहे लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।सूत्रों के मुताबिक, थाने में भी मारपीट की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थाने के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाएं, तो पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकती है। बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ गैस बुकिंग को लेकर कहासुनी थी, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की घटनाएं हुईं।
थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि गैस बुकिंग को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों के 14 लोगों का शांति भंग में चालान हुआ है। वही तहरीर के आधार पर मारपीट,गाली-गलौज और धमकी के आरोप में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।