Maharajganj News : रात में खुला गोदाम, प्राइवेट गाड़ियों से निकलते सिलेंडर ! क्या चल रहा है अंदर?

    18-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
जनपद में गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी को लेकर एक वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामला कोल्हुई थाना क्षेत्र के जंगल गुलरिहा इलाके का बताया जा रहा है, जहां रात के समय गैस गोदाम से सिलेंडर बाहर ले जाने का दृश्य सामने आया है।

वीडियो में एक बाइक सवार व्यक्ति गोदाम से दो गैस सिलेंडर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा पहले ही यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाए,ऐसे में रात के समय गोदाम से सीधे सिलेंडर दिए जाने पर संदेह गहराता जा रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की घटना नहीं है, बल्कि अक्सर रात के समय प्राइवेट वाहनों के जरिए सिलेंडर गोदाम से बाहर भेजे जाते हैं। यदि यह आरोप सही साबित होते हैं तो यह प्रशासनिक आदेशों का खुला उल्लंघन माना जाएगा।

इस संबंध में उन्नति गैस एजेंसी गुलरिहा के मैनेजर का कहना है कि एजेंसी रात 9 बजे तक खुली रहती है और सिलेंडर वितरण का कोई तय समय नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि एजेंसी का सीसीटीवी कैमरा फिलहाल खराब पड़ा है।

सीसीटीवी के खराब होने और रात के समय सिलेंडरों का गोदाम से बाहर जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं लापरवाही की आड़ में कालाबाजारी तो नहीं की जा रही है। फिलहाल इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन क्षेत्रीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस प्रकरण को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाता है।