Maharajganj News : परिवार सूरत जाने वाला था… लेकिन पहले ही इस तरह टूट गया सब कुछ
18-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनिया टोला धोतियहवा में एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई है, जहां 30 वर्षीय हरिप्रकाश की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है ।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे हरिप्रकाश का अपने पट्टीदारों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया,जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान उसकी पत्नी निशा के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसका सिर फट गया।
बताया जा रहा है कि परिवार सूरत (गुजरात) जाने की तैयारी में था, लेकिन घटना के बाद हालात बदल गए। पत्नी के घायल होने और अपनी तबीयत बिगड़ने के कारण हरिप्रकाश ने सूरत जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया और पत्नी व बच्चों के साथ अपने ससुराल, कुशहा (थाना कोल्हुई) जाने के लिए निकल पड़ा।
परिवार संपत्तिहा से ऑटो में बैठकर कोल्हुई थाना क्षेत्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान परसौना के पास रास्ते में हरिप्रकाश की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर ऑटो चालक ने उन्हें वहीं उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पहुंचे रिश्तेदार उसे तत्काल इलाज के लिए बनकटी ले जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घायल पत्नी का इलाज जारी है, वहीं तीन छोटे बच्चों सौम्या (8 वर्ष), शुभी (6 वर्ष) और ऋषभ (3 वर्ष) के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है।
फिलहाल पुलिस मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।