Maharajganj News : वेतन-मानदेय की देरी से फीकी पड़ सकती है होली, 2 मार्च पर टिकी उम्मीदें
02-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में इस बार होली की रंगत पर वेतन-मानदेय की देरी का साया दिख रहा है। शासन के 28 फरवरी तक सभी कर्मियों को वेतन व मानदेय भुगतान का निर्देश दिए जाने के बावजूद कई विभागों के कर्मचारियों के खाते अब तक खाली हैं। ऐसे में त्योहार से पहले आर्थिक तंगी ने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है।
वेतन भुगतान में देरी ने व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। अब सभी की नजरें दो मार्च पर टिकी हैं, जब भुगतान होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग में तैनात कर्मचारियों की होली इस बार फीकी पड़ने के आसार हैं।
विभाग में नियमित 816, संविदा के 1417 व आउटसोर्सिंग के करीब 50 कर्मी कार्यरत हैं। कुल मिलाकर 2283 कर्मचारी वेतन-मानदेय के इंतजार में हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अब 2 मार्च को वेतन आने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि तब तक भुगतान नहीं हुआ तो त्योहार की तैयारियों पर असर पड़ना तय है। कर्मचारियों का कहना है कि शासन स्तर से 28 फरवरी तक भुगतान का आदेश जारी हुआ था, लेकिन स्थानीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी न होने से दिक्कत खड़ी हुई है।
त्योहार के मद्देनजर कर्मचारी समय पर भुगतान की मांग कर रहे हैं, ताकि परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मना सकें। रोजगार सेवक व एपीओ की फीकी रहेगी होली ग्रामीण विकास से जुड़े करीब छह सौ रोजगार सेवक व 14 एपीओ भी भुगतान न मिलने से परेशान हैं। उनका कहना है कि होली तो दूर जनवरी माह का भी वेतन अब तक नहीं मिला है।
लगातार अधिकारियों से संपर्क के बावजूद स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा है। राजस्व विभाग के लेखपालों की सैलरी भी लंबित है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों से वार्ता की गई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दो मार्च तक वेतन खाते में भेज दिया जाएगा।