Maharajganj News : मूसलाधार बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था! भीगते हुए नमाजियों ने मनाई ईद

    21-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
ठूठीबारी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को भारी बारिश के बावजूद हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही मौसम खराब था और झमाझम बारिश हो रही थी, लेकिन खराब मौसम भी नमाजियों की आस्था को डिगा नहीं सका।

तेज बारिश के बावजूद मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में मस्जिदों और ईदगाहों में एकत्रित हुए। ठूठीबारी की जामा मस्जिद और अन्य ईदगाहों में नमाजियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बारिश के बीच ही नमाज अदा की गई और खुदा से देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी गई।


नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़ों में सजे-धजे नजर आए। बड़े-बुजुर्गों ने बच्चों को ईदी बांटी। ठूठीबारी की गलियों में मेल-मिलाप और सौहार्द का नजारा दिखा, जिसने आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।

त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर भारी पुलिस बल के साथ सुबह से ही क्षेत्र में सक्रिय दिखे। उन्होंने स्वयं विभिन्न मस्जिदों और संवेदनशील चौराहों पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जामा मस्जिद ठूठीबारी पर मनोहर यादव और सोनू पासवान भी तैनात रहे। त्योहार पूरी श्रद्धा और शांति के साथ संपन्न हुआ।