Maharajganj News : पेट्रोल पंप बंद, अफवाह ने मचाया हड़कंप! कुछ ही घंटों में खत्म हुआ हजारों लीटर ईंधन
21-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में शुक्रवार को एक पेट्रोल पंप की बंदी ने पूरे शहर में अफवाहों का तूफ़ान खड़ा कर दिया। फरेंदा हाईवे पर मुख्यालय का पेट्रोल पंप शुक्रवार पूरे दिन बंद रहा। पंप बंदी के बीच ईंधन किल्लत की अफवाह ने लगभग पूरे दिन परेशान किया।
नगर का एकमात्र पेट्रोल पंप होने के चलते यह अफवाह और मजबूत होती गई और लोग पेट्रोल व डीजल के लिए आसपास के पंपों की तरफ दौड़ पड़े। अफवाह इतनी तेज थी कि हाइवे के महुअवा पंप का डीजल पेट्रोल भी शाम चार बजे समाप्त हो गया।
जनपद में एलपीजी सिलिंडर बुकिंग व डिलीवरी नियम बदलने के बीच हायतौबा मची है। इसी बीच जिला मुख्यालय के फरेंदा हाइवे का पेट्रोल पंप जो जिला अस्पताल के निकट संचालित सुबह से ही बंद रहा। डीजल पेट्रोल लेने के लिए पंप आने वाले बंदी देखकर सकते में आ गए और धीरे-धीरे यह अफवाह तैरने लगी कि एलपीजी के साथ अब डीजल व पेट्रोल की किल्लत भी शुरू हो गई है।
अफवाह ने काम किया और मुख्यालय के लोग महुअवा पेट्रोल पंप की तरफ निकलने लगे। अफरातफरी की स्थिति यह रही कि पूर्ति अधिकारी एपी सिंह को महुअवा पंप तक लोगों यह समझाने जाना पड़ा कि जनपद में डीजल व पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सभी पंप पर डीजल पेट्रोल हैं इसलिए जरूरत के मुताबिक ही खरीद करें, लेकिन यह आश्वासन लोगों के समझ के परे रहा।
स्थिति यह हो गई कि यहां 50 हजार लीटर पेट्रोल व 30 हजार लीटर डीजल शाम चार बजते- बजते समाप्त हो गया जिससे यह पंप भी बंद करना पड़ गया।