Maharajganj News : 3 चोटों के बाद भी रहस्य बरकरार! 4 दिन बाद भी युवक हत्याकांड का नहीं हुआ खुलासा
21-Mar-2026
Total Views |
फरेंदा। महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र के मथुरानगर स्थित फुलवरिया गांव में युवक की हत्या का मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। घटना के चार दिन बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार निराश व हताश हैं। पीड़ित न्याय की उम्मीद में भटक रहे हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता इंद्रसेन के साथ परिवार के लोग उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
फरेंदा थाना क्षेत्र के मथुरानगर के फुलवरिया गांव में सोमवार की रात अरविंद चौधरी (28) का रात में हाईवे किनारे शव मिला था। परिजनों का आरोप है कि शराब पिलाने के बहाने बुलाकर मारपीट कर अरविंद की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद शव पर चोट के 13 निशान मिले थे।
पीड़ित पिता ने पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दिए थे। पुलिस ने पांचों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटना के चार दिन बीतने के बाद भी आरोपियों से पूछताछ जारी है लेकिन घटना का खुलासा तो दूर पुलिस अभी तक गिरफ्तारी से भी इंकार कर रही है।
पिता इंद्रसेन दिव्यांग होने के बाद भी बेटे के हत्यारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर भटक रहे हैं। वहीं मां तारामती व चाराें बहनें बदहवास हैं। अरविंद की मौत के बाद से पत्नी बेसुध पड़ी हुई है। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र घटना का अनावरण किया जाएगा।