Women Empowerment Lakhpati Didi : हर गांव से उठेंगी ‘लखपति दीदी’! महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी योजना
21-Mar-2026
Total Views |
Women Empowerment Lakhpati Didi : महराजगंज में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रदेश में तीन करोड़ परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और एक करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है।
बैठक में डीएम ने कहा कि जनपद में भी ऐसी महिलाओं को जो अबतक स्वयं सहायता समूहों से वंचित रही हैं, उनको समूहों से जोड़ने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित प्रयास करें। साथ ही उनको विभिन्न शासकीय योजनाओं से संतृप्त कर और उनका कौशल विकास कर उन्हें लखपति बनाए जाने की कार्ययोजना को तैयार कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जनपद में पात्र गृहस्थी, अंत्योदय अन्न योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में (पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय) राशन कार्ड धारक में से अवशेष परिवारों, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के अवशेष लाभार्थियों, विधवा पेंशन की अवशेष लाभार्थियों तथा जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत हर घर नल योजना से आच्छादित परिवारों में से छूटे हुए पात्र निर्धन परिवार की महिलाओं को अभियान चलाकर तथा आईईसी गतिविधियों के माध्यम से 'स्वयं सहायता समूह' से जोड़ने की कार्यवाही कर उन्हें लाभान्वित करें।
जिलाधिकारी ने उपायुक्त स्वतः रोजगार को निर्देशित किया कि सभी लाइन विभागों के साथ समन्वय करते हुए महिलाओं को समूह से जोड़ें। इस संदर्भ में उन्होंने समस्त बीडीओ और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय करते सदस्य महिलाओं को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार, पीडी डीआरडीए राम दरश चौधरी, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता मौजूद रहे।