Maharajganj News : हत्या की गुत्थी सुलझी! CCTV ने खोला राज! अरविंद की मौत निकली सड़क हादसा
22-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र में बीते 17 मार्च को हुई अरविंद चौधरी की मौत के मामले में पुलिस की जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जिस घटना को शुरुआत में हत्या माना जा रहा था वह अब सड़क हादसा साबित हुई है।
पुलिस की जांच, साक्ष्य संकलन और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से स्पष्ट हुआ कि यह एक सड़क दुर्घटना थी। 28 वर्षीय अरविंद चौधरी निवासी वार्ड नंबर 5, फुलवरिया की मृत्यु वाहन संख्या यूपी 53 एफपी 8586 के चालक द्वारा तेज गति और लापरवाही से टक्कर मारने के कारण हुई।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों तथा पीपीगंज टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया, जिसमें वाहन की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दर्ज मिलीं। फुटेज के अनुसार उक्त वाहन पीपीगंज टोल से फरेंदा की ओर आया और रात लगभग 11 बजे घटना को अंजाम देने के बाद आगे के कट से यू-टर्न लेकर सर्विस लेन के रास्ते छतरी पुल के नीचे से वापस गोरखपुर की ओर चला गया। गौर करने वाली बात यह रही कि आते समय वाहन सही हालत में था, जबकि लौटते समय वह क्षतिग्रस्त दिखाई दिया।
पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क कर चालक राजेंद्र प्रजापति (31) निवासी पादरी बाजार, थाना शाहपुर, गोरखपुर तथा सहयात्री सचिन (19) निवासी नगर कॉलोनी, पादरी बाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारीयों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जा रही है।