Maharajganj News : रात के अंधेरे में महिला पर हमला! मारपीट, छेड़छाड़ और लूट का सनसनीखेज आरोप
22-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद महराजगंज के बरगदवा थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट, छेड़छाड़ और लूटपाट जैसे आरोप लगाए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने की वजह से मामला और संवेदनशील हो गया है। हालाँकि आपन महराजगंज इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते।
पीड़िता द्रोपती, पत्नी सुभाष, निवासी शीशगढ़ टोला खैरटवा, थाना बरगदवा ने थानाध्यक्ष को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि बीते 21 मार्च को पुलिस द्वारा की गई एक जांच के बाद रात करीब 10 बजे गांव के कुछ लोग एकजुट होकर उसके घर पर हमला करने आ पहुंचे।
महिला का आरोप है कि रमेश मिश्रा, निर्भय मिश्रा, गोरख मिश्रा, केशव मिश्रा, रीता और सपना सहित अन्य लोगों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और विरोध करने पर घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमलावरों ने डंडे, कन्हौनी (लोहे का औजार) और हंसिया से हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ अशोभनीय हरकत की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
महिला के अनुसार, आरोपियों ने उसके गले से मंगलसूत्र और कान की बाली भी छीन ली तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने 112 नंबर पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। हालांकि, परिवार में कोई पुरुष सदस्य न होने के कारण वह उसी रात थाने जाकर लिखित शिकायत दर्ज नहीं करा सकी।
अब पीड़िता ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।