Hera Pheri 3 Update : 'हेरा फेरी 3' पर फिर अटका खेल! राइट्स विवाद ने रोकी शूटिंग, कब सुलझेगा ये ‘हेरा फेरी’?

    23-Mar-2026
Total Views |

Hera Pheri 3 Update :
बॉलीवुड की चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी हेरा फेरी की तीसरी किस्त हेरा फेरी 3 एक बार फिर मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है। अभिनेता परेश रावल के साथ विवाद सुलझ जाने के बाद उम्मीदें थी कि जल्द ही उनके साथ मिलकर अभिनेता अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और फिल्म की राह में एक और रुकावट आ गई।

अब रुकावट का कारण निर्माता फिरोज नाडियाडवाला और विजय कुमार के फिल्म के आईपी (बौद्धिक संपदा) के अधिकारों की लड़ाई है।

2000 में प्रदर्शित हुई इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म हेरा फेरी मलयालम फिल्म रामोजी राव स्पीकिंग की हिंदी रीमेक थी। ऐसे में निर्माता विजय कुमार ने पिंकविला के साथ बातचीत में दावा किया कि रामोजी राव स्पीकिंग और हेरा फेरी फिल्म फ्रेंचाइजी के सारे अधिकार उनके पास हैं। फिरोज को सिर्फ एक फिल्म हेरा फेरी बनाने का अधिकार दिया था।"


विजय कुमार ने आरोप लगाया कि फिरोज ने फिर हेरा फेरी बिना उनकी अनुमति के बनाया था, लेकिन तब उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। फिरोज ऐसे ही तीसरी फिल्म बनाने भी जा रहे थे, तो कानूनी कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने प्रोड्यूसर को चिट्ठी भी लिखी थी लेकिन इसका कोई जवाब नहीं मिला था। फिर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

आगे विजय ने कहा कि अगर उनके और फिरोज के बीच अधिकारों का यह मामला सुलझ जाता है तो वह हेरा फेरी 3 को अक्षय, सुनील व परेश के साथ बनाना चाहेंगे।

अब सवाल यही है कि दर्शकों की पसंदीदा यह कॉमेडी तिकड़ी बड़े पर्दे पर कब लौटेगी, या फिर ‘हेरा फेरी’ का ये खेल यूं ही चलता रहेगा।