Maharajganj News : अब मिलेगी जाम से राहत ! शहर से हटेगी सब्जी मंडी! यहाँ शिफ्टिंग की तैयारी
23-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज की मंडी को जल्द ही नए स्थान पर शिफ्ट किया जायेगा। नवीन सब्जी मंडी का निर्माण पूर्ण होने के बाद नवरात्रि में ही इसके शुभारंभ करने की तैयारी थी लेकिन अब इसे अप्रैल तक आगे बढ़ाया गया है। इस अंतराल में मंडी प्रशासन व राजस्व विभाग दुकान आवंटन की प्रक्रिया को पूरा कर लेगा। लोकार्पण के लिए तिथि निर्धारित की जा रही है।
नए लोकेशन पर मंडी शिफ्ट होने का लाभ नगरवासियों को मिलेगा। भारी वाहन शहर में नहीं दाखिल होंगे तो जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी। निचलौल मार्ग पर शहर से बाहर मऊ पाकड़ में 7.86 करोड़ रुपये से 12 एकड़ जमीन पर नवीन सब्जी मंडी परतावल मंडी समिति की तरफ से निर्मित कराया गया है।
मुख्यालय की मंडी अब तक फरेंदा हाईवे पर संचालित हो रही थी। इस वजह से बड़े वाहनों को मंडी में लोडिंग-अनलोडिंग के लिए शहर में दाखिल होना पड़ता है। इस वजह से अक्सर जाम लग जाता था।
नवीन सब्जी मंडी में तीन तरह की दुकानें बनी हैं। इनका अलाटमेंट आवेदन 18 मार्च तक स्वीकार किया गया। निर्माण की कार्यदायी संस्था परतावल मंडी समिति सचिव नयनतारा सिंह ने बताया कि नवीन सब्जी मंडी का कुल दायरा 29 एकड़ का है। इसमें 12 एकड़ भूभाग पर कुल 30 दुकानों का निर्माण कराया गया है।
परिसर में ए, बी और सी श्रेणी की दुकानें बनी हैं। प्रत्येक श्रेणी की तीन-तीन दुकानें निर्मित कराई गई हैं। जनवरी 2024 को निर्माण कार्य शुरू कराया गया था और दिसंबर 2025 में पूरा कर लिया गया।
यहां दुकानों के अलावा बैंक भवन, नीलामी चबूतरा, मंडी सचिव कार्यालय, शौचालय, आंतरिक सड़क, नाली, दो नीलामी चबूतरा व आवास का निर्माण कराया गया है। 30 मार्च को नीलामी प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद मंडी को नए स्थान पर संचालित किया जाएगा, जिससे व्यापारियों और आम लोगों दोनों को सुविधा मिलेगी।