Maharajganj News : सावधान! व्रत का खाना भी शक के दायरे में, 11 सैंपल लैब भेजे गए

    24-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
महराजगंज में नवरात्रि के बीच खाद्य पदार्थों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। व्रत को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को अभियान चलाया है। टीम ने फरेंदा और सिंदुरिया से दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। नवरात्र में अभी तक टीम कुल 11 नमूने जांच के लिए भेज चुकी है।

प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) केके उपाध्याय के नेतृत्व में सोमवार को दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने फरेंदा रोड स्थित मिठाई की दुकान का निरीक्षण कर कलाकंद का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।

दुकानदार को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अलावा सिंदुरिया क्षेत्र में किराना दुकान का भी निरीक्षण किया गया। यहां से मूंगफली दाना का नमूना लिया गया और जांच के लिए प्रेषित किया गया।


विभाग ने अपील किया कि खुला फाफड़ या कुट्टू आटा व्रत में प्रयोग न करें। क्योंकि इनमें मिलावट या अशुद्धता का खतरा अधिक रहता है। विभाग की ओर से पैकेज्ड और प्रमाणित उत्पादों का ही उपयोग करने की अपील की गई है ताकि स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

नवरात्रि अभियान शुरू होने के बाद से अब तक जनपद के विभिन्न बाजारों और दुकानों से कुल 11 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इन नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ शामिल रहे।

अब सबकी नजरें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं, क्या व्रत का भोजन सुरक्षित है या सामने आएगा मिलावट का बड़ा खेल?