Maharajganj Fuel Shortage : एक पंप, सैकड़ों वाहन... पेट्रोल के लिए मची भगदड़! प्रशासन ने संभाली कमान
25-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम से पेट्रोल संकट ने अफरातफरी मचा दी। अग्रवाल फिलिंग पंप पर पेट्रोल के लिए मंगलवार शाम से देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सैकड़ों की संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अपनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवाने के लिए घंटों मशक्कत करते रहे।
स्थिति इतनी गंभीर हो गयी कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को मौके पर तैनात रहना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बृजमनगंज कस्बे के 10 किलोमीटर के दायरे में सात पेट्रोल पंप हैं, लेकिन मंगलवार सुबह केवल अग्रवाल फिलिंग पंप पर ही पेट्रोल उपलब्ध था। अन्य पंपों पर तेल न मिलने के कारण सभी वाहन चालक इसी एक पंप पर जमा हो गए, जिससे भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
गोरखपुर से सिद्धार्थनगर जा रहे विनय सिंह ने बताया कि उन्हें कैंपियरगंज से लेकर हर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं मिला। उनकी गाड़ी बंद हो गई है और घर पहुंचने के लिए अभी 22 किलोमीटर का सफर बाकी है। उन्होंने लगभग चार घंटे से लाइन में लगे होने के बावजूद पेट्रोल न मिलने की शिकायत की। तुफैल, शेरू, विजय यादव, शमशेर अली, अम्बरीष पांडेय और राजू जैसे अन्य चालकों ने भी घंटों इंतजार करने की बात कही।
सपा नेता दिलीप चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर कई दिनों से तेल की कमी है। तेल न मिलने से कस्बे और आसपास के सैकड़ों गांवों के दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों में अफरा-तफरी मची हुई है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि गैस के बाद अब पेट्रोल के लिए भी लोगों को लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप पर अचानक भारी संख्या में पेट्रोल लेने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी थी। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पेट्रोल पंप पर सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, जो वाहन चालकों को व्यवस्थित तरीके से पेट्रोल दिलवा रहे हैं।