Maharajganj News : दूषित पानी से मिलेगी राहत? बीमारियों पर एक साथ वार, पूरा सिस्टम तैयार!

    25-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
 जिलेवासियों के लिए खुशखबरी है। अब शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई को लेकर बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। इसके लिए शहर से लेकर गांवों में खराब या दूषित पानी उगल रहे इंडिया मार्का हैंडपम्प ठीक होंगे। इतना ही नही सड़कें और पोखरियां झाड़ियों से मुक्त होंगी।

1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा। अभियान में 11 विभाग शामिल हैं। इनमें जल निगम लोगों को शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करेगा और पंचायती राज विभाग झाड़ियों की साफ-सफाई करेगा।संचारी रोग नियंत्रण/ दस्तक अभियान से इंसेफेलाइटिस कंट्रोल हो गया है। शासन ने ऐतिहातन वर्ष में दो बार अभियान चलाने के लिए आदेश दिया है।

नए वर्ष का पहला संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अप्रैल को शुरू होगा,जो 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। अभियान को सफल बनाने के लिए इसमें 11 विभाग शामिल है। हर विभाग का अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। इसमें जल निगम/सिंचाई विभाग शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगे इंडिया मार्का हैंडपम्प को दुरूस्त करेंगे यानी यदि हैंडपम्प खराब है तो उसे ठीक करेंगे। यदि दूषित पानी दे रहा है तो उसका रीबोर कर शुद्ध पानी उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।


जिला पंचायत राज विभाग सड़क और नालियों की साफ-सफाई कराने के साथ झाड़ियों की कटाई करेगा। स्वास्थ्य विभाग जेई टीकाकरण से वंचित चल रहे बच्चों का टीकाकरण करेगा। इतना ही नही दस से 30 अप्रैल तक आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर पहुंचेगी और लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक कर उससे बचने की जानकारी देंगी। पशु पालन विभाग सुअरबाड़ों में कीटनाशक दवा का छिड़काव करेगा।

ऐसे ही अन्य विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। अभियान में हर विभाग को अपनी-अपनी जिम्मेदारी पूरा करना है। इसमें किसी तरह की लापरवाही या कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय है।संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सभी विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है।

जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए विभागों को प्रशिक्षित किया गया है। अभियान में कार्यों की निगरानी के लिए जिला स्तरीय टीम का गठन किया गया है। कमी या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय है।