Gorakhpur News : पति से दूरी ने खोला राज, विवाहिता ने उठाई आवाज, केस दर्ज
26-Mar-2026
Total Views |
गोरखपुर। गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसके पति की नपुंसकता की बात छुपाकर उससे शादी की गई और बाद में उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिकरीगंज थानाक्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि शादी के बाद उसका पति उससे दूरी बनाए रखता था और उसके पास नहीं आता था।
आरोप है कि, जब उसने इस बारे में अपने ससुराल पक्ष से सवाल किया तो ससुर की ओर से यह कहकर टाल दिया जाता था कि उसके पति का इलाज चल रहा है और वह जल्द ही ठीक हो जाएगा। महिला का आरोप है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि उसका पति नपुंसक है और इस तथ्य को जानबूझकर उससे छुपाया गया था।
उसने आरोप लगाया कि इस सच्चाई के सामने आने के बाद उसके पति, सास, ससुर और देवर ने उसके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। करीब एक माह पूर्व सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसके जेवर व अन्य सामान छीनकर उसे घर से निकाल दिया। वह मजबूरी में अपने मायके में रहने लगी। इस संबंध में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।