Maharajganj News : अब जिला अस्पताल की ओपीडी में नहीं लगेगी भीड़! बाहर शिफ्ट होगा पर्ची काउंटर

    26-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज। जिला अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अहम् बदलाव किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में पर्ची काउंटर को ओपीडी ब्लॉक के अंदर से बाहर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पहले पर्ची बनवाने के लिए मरीजों और उनके साथ आने वाले तीमारदारों को ओपीडी के अंदर जाना पड़ता था, जिससे भीड़ बढ़ जाती थी और सभी को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस नए निर्णय के पीछे मुख्य कारण ओपीडी में लगने वाली भीड़ और बढ़ते गर्मी के मौसम को देखना है।

गर्मी में अंदर की भीड़भाड़ से मरीजों और तीमारदारों को सांस लेना मुश्किल हो जाता था। अब पर्ची काउंटर बाहर बनाया जा रहा है, जिससे ओपीडी में भीड़ कम होगी और मरीजों को बेहतर वातावरण मिलेगा। यह व्यवस्था अप्रैल महीने के अंत तक शुरू हो जाने की संभावना है।


रोगी कल्याण समिति की देखरेख में इस काउंटर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि ओपीडी में लगातार बढ़ रही भीड़ और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। बाहर काउंटर बनने से ओपीडी के अंदर की भीड़ कम होगी और तीमारदारों को भी राहत मिलेगी। अप्रैल के अंत तक यह नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

जिला अस्पताल की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। पहले की व्यवस्था में पर्ची काउंटर के अंदर होने से कई बार मरीजों को लंबी लाइन में खड़े रहना पड़ता था। खासकर गर्मी में यह और भी कष्टदायक हो जाता था। नई व्यवस्था से समय की बचत होगी और स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध होंगी।