Maharajganj News : मनरेगा बजट में ये क्या झोलझाल है ! अपने गांव का पैसा पड़ोसी गांव में खर्च

    27-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज
। महराजगंज में वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले बजट खर्च करने की होड़ के बीच मनरेगा योजना में अनियमितताओं का मामला सामने आया है। मामला मिठौरा ब्लाॅक के भगवानपुर उर्फ भुलना का है। जहां के प्रधान पर गांव के लोगों ने मनरेगा बजट से पड़ोसी गांव में विकास कार्य कराने का आरोप लगाया है। गांव के विनय प्रकाश त्रिपाठी, गिरिजेश यादव ने शिकायत उच्चाधिकारियों से की है।


भगवानपुर ग्राम पंचायत के लोगों ने ग्राम प्रधान पर आरोप लगाया कि मनरेगा बजट से वह पड़ोसी गांव सेमरा के पूर्व प्रधान के घर के सामने पक्की नाली बनवा रहे हैं। शिकायत इतनी ही नहीं, बल्कि यह भी है कि मनरेगा से होने वाले इस कार्य में गांव के जाॅब कार्ड धारकों की जगह आसपास की पंचायत से मनरेगा श्रमिक लगाए गए हैं।

जबकि शासन का स्पष्ट निर्देश कि मनरेगा का बजट दूसरे ग्राम पंचायत में खर्च नहीं किया जा सकता। साथ ही गांव के मनरेगा श्रमिकों को वरीयता देनी है, लेकिन भुलना के प्रधान बजट खपाने व मनरेगा बजट के दुरुपयोग का कार्य कर रहे हैं।

मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जाएगी। अगर आरोप की पुष्टि होती है तो प्रधान से न सिर्फ रिकवरी कराई जाएगी, बल्कि कार्रवाई भी की जाएगी।