River in Crisis: हर गर्मी में गायब हो जाती है डंडा नदी, वजह जानकर चौंक जाएंगे
28-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज के नौतनवा कस्बे के पश्चिमी छोर से बहने वाली डंडा नदी इन दिनों अपने अस्तित्व की सबसे बड़ी लड़ाई लड़ रही है। हर साल गर्मी की शुरुआत होते ही यह नदी सूखने और प्रदूषण की चपेट में आने लगती है, लेकिन इस बार हालात और भी ज्यादा गंभीर हो गए हैं।
मूल नदी भारतीय क्षेत्र के सोनौली सीमा से महज एक किलोमीटर पश्चिम फरेंदी तिवारी बाजार स्थल के पास भारत में प्रवेश करती है। लेकिन नदी के प्रवेश स्थल पर नेपाल के रुपन्देही जिला के प्रमुख कस्बा भैरहवा के कूड़े कचरे व कस्बा के तमाम नालों के पानी गिराए जाने से नदी की मूल जल धारा प्रदूषित व रुक जाती है। भारतीय क्षेत्र में इसी नदी पर वर्ष 1962 में निर्मित डंडा नहर प्रणाली नेपाल के कूड़े कचरे व नदी में उगे प्लावहों के बोझ से कराह उठाती है।
नेपाल के भैरहवा के तमाम संगठन व नागरिक नदी में फेंके जा रहे कूड़े कचरे का विरोध कर रहे हैं। भारतीय क्षेत्र के किसान भी नदी में बढ़ रहे प्रदूषण व नदी की हालत से चिंतित हैं। बावजूद इसके अस्तित्व की जंग लड़ रही नदी पर ना तो नेपाल प्रशासन संजीदा है और ना ही भारतीय प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल शुरू की गई है।
इस संबंध में नौतनवा एसडीएम नवीन प्रसाद कहते हैं कि मामला गंभीर है। डंडा नदी में प्रदूषण व जल संकट को लेकर प्रशासन सतर्क है। नेपाल की ओर से आ रहे कचरे को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर सफाई व जल संरक्षण अभियान चलाकर प्रभावी उपाय किए जाएंगे।
फिलहाल, दो देशों के बीच बहने वाली यह नदी लापरवाही और प्रदूषण के बोझ तले कराह रही है, और इसका भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है।