Maharajganj News : चोरी कर बने ‘रईस’, फिर कसीनो में उड़ाई पूरी रकम! अब धरे गए

    28-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर ताला तोड़कर सिलेंडर, जेवरात व नकदी चोरी करने वाले दो वांछित आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ़्तारी के बाद जब राज खुला तो पता चला कि चोरी का सामान बेचकर आरोपियों ने रकम जुए और कसीनों में उदा दी।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी के तीन खाली गैस सिलेंडर और 840 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष पुरषोत्तम राव के निर्देशन में नौतनवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बैरियहवा पुल से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।


गिरफ्तार अभियुक्तों में आफताब (24 वर्ष) निवासी अम्बेडकर नगर, नौतनवा तथा गणेश दूबे (22 वर्ष) निवासी रामनगर टोला मरचहवा, नौतनवा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को पीड़िता अपने इलाज के लिए गोरखपुर गई हुई थी।

इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर तीन बक्से तोड़ दिए और उसमें रखे करीब 15 साड़ियां, डेढ़ क्विंटल चावल, सोने-चांदी के जेवरात, 60 हजार रुपये नकद व तीन गैस सिलेंडर चोरी कर लिए थे।मामले में थाना नौतनवा पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए जेवरात व अन्य सामान को बेचकर जुआ और कसीनो में उड़ा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।