Maharajganj News : 4 अप्रैल को क्या होने वाला है? दिल्ली कूच की तैयारी में जुटे शिक्षक
29-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले दिल्ली चलो अभियान की शनिवार को शहर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश धर दूबे उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि 2011 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में चार अप्रैल 2026 को भारी संख्या में दिल्ली पहुंचे। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ महराजगंज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि टेट और नॉन टेट सभी शिक्षक एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली पहुंचे और इस अन्याय का विरोध करें।
पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री उपेंद्र पांडेय ने कहा कि टीएफआई के नेतृत्व में महराजगंज से सैकड़ों की संख्या में शिक्षक दिल्ली पहुंचेंगे। मांडलिक संगठन मंत्री गोरखपुर ज्ञानेंद्र ओझा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आदरणीय प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद शर्मा के निर्देश के क्रम में दिल्ली चलो अभियान की सभी जिलों में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया है।
टीएफआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक राजेश धर दूबे ने कहा कि इस धरने में शामिल होना बड़े यज्ञ में आहुति देना है। बैठक का संचालन जिलामंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने किया। बैठक को गोरखपुर के जिला संयुक्त मंत्री युगेश शुक्ला ने भी संबोधित किया। बैठक में मनौव्वर अली, हरीश शाही, राघवेंद्र पांडेय, धन प्रकाश त्रिपाठी, विजय पांडेय, विजय यादव, अलाउद्दीन, अध्यक्ष घुघली अरविंद गुप्ता मौजूद रहे।