Maharajganj News : चार पहिया गाड़ी नहीं तो घर नहीं! ससुरालवालों ने मां-बेटी को निकाला

    30-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज
। फरेंदा थाना क्षेत्र में घरेलु हिंसा औरर दहेज़ उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। क्षेत्र की एक युवती ने अपने पति, ससुर, सास और दो ननदों पर घरेलू हिंसा, मारपीट तथा दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। उन्होंने थानाध्यक्ष फरेंदा से पति सन्नी गौड़, ससुर लालमोहन गौड़, सास सरोज देवी तथा ननद गुंजा और रोशनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, कौशिकी गौड़, निवासिनी रतनपुर उर्फ भरथीपुर थाना फरेंदा ने बताया कि उनका विवाह 30 नवंबर 2021 को सन्नी गौड़ के साथ हुआ था। शादी के बाद पति सन्नी गौड़, ससुर लालमोहन गौड़, सास सरोज देवी और ननद गुंजा व रोशनी ने चार पहिया वाहन न लाने का ताना मारना शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट करने लगे। प्रताड़ित होकर कौशिकी मायके चली आई।


रिश्तेदारों के समझाने पर जब वह वापस ससुराल गई तो सास ने घर में घुसने नहीं दिया। रिश्तेदारों के मान-मनौव्वल पर वह मान गए। कुछ दिन रहने के बाद फिर से पूरे परिवार ने मिलकर उसे और उसकी दो वर्षीय दिव्यांग पुत्री आदिश्री को मारपीट कर घर से निकाल दिया।

आरोपियों ने धमकी दी कि दोबारा आने पर दोनों को जान से मार देंगे। कौशिकी ने कहा कि कई बार सुलह समझौता हो चुका है लेकिन ससुराल पक्ष हर बार उसका उल्लंघन कर देता है। अब वह मामले में कानूनी कार्रवाई चाहती हैं।

थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति सन्नी गौड़, ससुर लालमोहन गौड़, सास सरोज देवी तथा ननद गुंजा और रोशनी निवासी लखिमा थरुवा थाना कोतवाली के खिलाफ केस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।