नौतनवा। स्थानीय कस्बे में गैस की समस्या लगातार गहराती जा रही है। प्रशासन भले ही होम डिलीवरी के दावे कर रहा हो लेकिन हकीकत में होम डिलीवरी नहीं हो पा रही है। लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लाइनों में लगना पड़ रहा है। इसके बाद भी रसोई गैस नहीं मिल रही है।
कस्बे में लोगों को रोजाना हजारों की संख्या में गोदाम से लगाए चौक-चौराहों पर गैस के लिए कतारों में खड़े होते देखा जा रहा है। गिनती के कुछ लोगों को गैस उपलब्ध हो पा रहा है लेकिन बड़ी संख्या में लोग निराश लौट रहे हैं। जनपद मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है लेकिन उस पर शिकायत के बाद भी कोई खास असर पड़ता नहीं दिख रहा है। इक्का-दुक्का लोगों का समाधान कर जिम्मेदार पल्ला झाड़ ले रहे हैं।
शिकायत करने वाले फैज खान, अभिषेक जायसवाल, आशा देवी, विनय सिंह आदि लोगों का कहना है कि उन्होंने कंट्रोल रूम के जारी नंबर पर गैस से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद होम डिलीवरी का आश्वासन तो दिया गया था लेकिन चार से पांच दिन बीतने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया है। लोगों का कहना है कि डीएसी नंबर होने के बाद भी बिना लाइन लगाए गैस नहीं दिया जा रहा है।