Success Story : छोटे गांव से बड़ी कामयाबी! पोखरभिंडा के अरविंद बने PCS अधिकारी, जश्न में डूबा इलाका
30-Mar-2026
Total Views |
Success Story : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सोमवार सुबह लगभग 11:30 बजे घोषित पीसीएस 2024 के अंतिम परिणाम में घुघली ब्लॉक के पोखरभिंडा निवासी अरविंद कुमार गुप्ता ने शानदार सफलता हासिल करते हुए वाणिज्य कर अधिकारी पद प्राप्त किया है।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। अरविंद की प्रारंभिक शिक्षा सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज, पुरैना से हुई। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वह प्रयागराज गए और बाद में दिल्ली में रहकर लंबे समय तक मेहनत करते रहे। अरविंद के पिता शंभू शरण गुप्ता हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं।
वह अपने भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं, जबकि उनकी छोटी बहन और भाई भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। रविवार देर रात जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, अरविंद की सफलता की खबर मिलते ही परिवार और गांव में जश्न का माहौल बन गया। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अरविंद की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद लगन और मेहनत के दम पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।