Maharajganj News : तिराहे पर जोरदार टक्कर! बुलेट सवार दो युवक गंभीर, कार सीधे नहर में जा गिरी
05-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के पनियरा में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कार और बुलेट मोटरसाइकिल की आमने सामने टक्कर हो गई। इस टक्कर में बुलेट सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। राहत रही कि नहर में पानी नहीं था।
यह घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़वार नहर पुलिया के पास स्थित तिराहे पर हुई। नेवासपोखर परसहवा टोला निवासी दयाशंकर और विजय बुलेट पर सवार होकर पनियरा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियरा की ओर जा रही एक कार से उनकी बुलेट की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। वहीं, बुलेट सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल घायलों को पनियरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक पवन और कार में सवार अमरचंद, जो ग्राम पंचायत नरकटहा के निवासी बताए जा रहे हैं, को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी मशीन की सहायता से नहर में गिरी कार को बाहर निकलवाया और उसे थाने ले जाया गया।
पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि कार को नहर से बाहर निकाल लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।