Maharajganj News : सीमा बंद होते ही सूना पड़ा बाजार! नेपाली ग्राहकों के बिना ठूठीबारी की रौनक गायब
05-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव के चलते भारत-नेपाल सीमा सील कर दी गई है। इसका सीधा असर सीमावर्ती भारतीय बाजारों पर दिख रहा है। ठूठीबारी कस्बे का बाजार इन दिनों सूना पड़ा है, जहां अधिकतर दुकानों पर खरीदार नहीं दिख रहे हैं।
आम दिनों में नेपाली ग्राहकों से गुलजार रहने वाला यह बाजार अब खाली है। कस्बे के व्यापारी बताते हैं कि उनका कारोबार काफी हद तक नेपाल से आने वाले ग्राहकों पर निर्भर करता है। सीमा बंद होने से व्यापार पर सीधा असर पड़ा है और दुकानों पर ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं।
इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय जायसवाल ने बताया कि सीमावर्ती इलाके की रोजी-रोटी नेपाली ग्राहकों के भरोसे चलती है। नेपाल में चुनाव के कारण इंडो-नेपाल सीमा सील होने से बाजार में सन्नाटा पसरा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने और इंडो-नेपाल सीमा खुलने के बाद बाजार में फिर से रौनक लौट आएगी। सीमा सील होने का असर केवल ठूठीबारी ही नहीं, बल्कि आसपास के भारतीय बाजार लक्ष्मीपुर खुर्द, बहुवार, बरगदवा, झूलनीपुर और परसा मलिक में भी देखने को मिल रहा है, जहां व्यापार ठप पड़ा हुआ है।