Maharajganj News : सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, ग्रामीणों का कलक्ट्रेट में प्रदर्शन

    07-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
सिसवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा चनकौली में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कलक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को क्रमिक एवं बेमियादी अनशन शुरू कर दिया है।

ग्रामीण रामसनेही निषाद ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि विभिन्न विकास योजनाओं के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग कर फर्जी भुगतान किए गए। पहले ही जिलाधिकारी द्वारा जांच के आदेश दिए जा चुके हैं लेकिन जांच पूरी होने और रिपोर्ट सार्वजनिक न होने से असंतोष बढ़ा है।


ग्रामीणों का आरोप है कि जन सूचना के अधिकार के नाम पर फर्जी बिल दिखाकर करीब 20 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई जो नियमों के खिलाफ है।

उन्होंने इस राशि को तत्काल वापस कराने की मांग की है। इसके अलावा, कुछ भुगतान प्रधान के बेटे की फर्म के नाम पर कराए जाने का भी आरोप है, जिससे हितों के टकराव और वित्तीय घपले की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का मानना है कि निष्पक्ष जांच से कई और अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।