Maharajganj News : पेशाब का बहाना बनाकर पुलिस कस्टडी से भागा दुष्कर्म आरोपी… कुछ ही घंटों में कुशीनगर से धराया
07-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। नाबालिग से दुष्कर्म, आपराधिक कृत्य और एससी/एसटी उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार 22 वर्षीय किशन साहनी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। उसे फरेंदा न्यायालय में पेशी के लिए लाया जा रहा था। हालाँकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते फरार आरोपी को कुशीनगर से गिरफ्तार कर लिया है।
श्यामदेउरवा थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार, आरोपी किशन साहनी कुशीनगर के कुंदर थाना क्षेत्र का निवासी है। हेड कांस्टेबल उदयभान कुशवाहा और होमगार्ड नंदकिशोर उसे फरेंदा न्यायालय ले जा रहे थे। फरेंदा रोड स्थित बुलेट एजेंसी चोपड़िया के पास आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाया और मौके का फायदा उठाकर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामदेउरवा को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में व्यापक तलाश अभियान चलाया। सदर कोतवाली के कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी विवेक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।
इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में हेड कांस्टेबल उदयभान कुशवाहा और होमगार्ड नंदकिशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी किशन साहनी के खिलाफ भी अलग से मामला पंजीकृत किया गया था। पुलिस टीमों की लगातार दबिश के बाद आरोपी किशन साहनी को कुशीनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।