Maharajganj News : 10 साल की परेशानी ख़त्म ! नौतनवा के इस वार्ड में कच्ची सड़क बनी पक्की...लोगों में ख़ुशी
07-Mar-2026
Total Views |
नौतनवा। नगर पालिका परिषद नौतनवा के सुभाष नगर वार्ड में करीब 10 वर्ष बाद कच्ची सड़क को पक्का किया जा रहा है। लम्बे समय से ख़राब सड़क की समस्या से जूझ रहे राहगीर सड़क बनने से खुश हैं। अब तक इस सड़क पर सफर करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। साथ ही पानी सप्लाई की व्यवस्था न होने के कारण भी लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ता था।
नहर के दूसरी छोर पर होने की वजह से बरसात के समय कच्ची सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में पानी भर जाता था। यह पानी कीचड़ में तब्दील हो जाता था। जिससे राहगीरों के कपड़े खराब हो जाते थे, साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। कई बार स्कूली बच्चे गिरकर घायल हो चुके हैं। समस्या को देखते हुए सड़क के आरसीसी निर्माण और पानी की सप्लाई लाइन बिछाने के जिम्मेदारों की पहल से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
नागरिक मोहन जायसवाल, विंध्याचल, संदीप अग्रहरि, संतोष गुप्ता, राकेश अग्रहरि, लक्ष्मी मद्धेशिया, अशोक शर्मा ने कहा कि सड़क और पानी के लिए करीब 40 से 50 घरों के लोगों को ज्यादा परेशानी होती थी। समस्या से अब निजात मिलने के साथ ही राहगीरों को भी सहूलियत मिलेगी।
सभासद विशाल जायसवाल ने बताया कि दो शिफ्टों में करीब 200 मीटर के आरसीसी सड़क का निर्माण एवं पानी सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। जल्द ही पूर्ण हो जाएगा। लोगों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।