Maharajganj News : गैस ख़त्म होने की अफवाह से मचा हड़कंप ! सुबह 4 बजे से एजेंसियों पर लगी लंबी लाइन
08-Mar-2026
Total Views |
फरेंदा। क्षेत्र में शनिवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए विश्रामपुर इंडेन गैस एजेंसी, भारत गैस एजेंसी परासखाड़ सहित सभी एजेंसी पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग सुबह चार बजे से ही लाइन में लग गए। इस दौरान कई जगहों पर धक्का-मुक्की भी होती रही। गैस एजेंसी पर भीड़ का मुख्य कारण अफवाह है।
इस्राइल, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की वजह से गैस व पेट्रोलियम की कमी होने की अफवाह के कारण लोग अतिरिक्त गैस सिलेंडर जमा कर रहे हैं। ग्राहक एक-दूसरे से सिलिंडर की उपलब्धता की जानकारी जुटा रहे हैं। एजेंसी पर गैस उपलब्ध न होने की सूचना पर ग्राहक परेशान हो जा रहे हैं।
हालांकि गैस एजेंसी पर सुचारू रूप से वितरण होने की बात कही जा रही है लेकिन बहुत ग्राहक बिना सिलिंडर लिए ही घर जाने को मजबूर हैं। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है।
इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक अरविंद जायसवाल ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है, अफवाहों के चलते भीड़ इकट्ठा हो जा रही है। भीड़ संभालने में दिक्कत हो रही है। सिलिंडरों की उपलब्धता होने पर वितरण किया जा रहा है। लगन के कारण भी ग्राहक सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं।