Maharajganj News : हुई नए कप्तान की एंट्री! क्या बदलेगा महराजगंज का कानून-व्यवस्था का हाल?

    01-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज। मंगलवार को नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली।

नवागत पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण तथा जनसुनवाई को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।


उन्होंने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनता के साथ संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें।

नवागत पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस-जन सहयोग के माध्यम से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इसलिए आमजन से भी सहयोग की अपेक्षा है।