Maharajganj News : महराजगंज में नया ग्रीन प्लान ! थीम बेस्ड पौधरोपण से बदलेगी तस्वीर
01-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने प्रस्तावित पौधरोपण अभियान की तैयारियों की मंगलवार को ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पौधरोपण को योजनाबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने के लिए थीम आधारित दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अमृत सरोवरों, मनरेगा पार्कों, खेल मैदानों एवं ग्रामीण स्टेडियमों में निर्धारित थीम के अनुरूप पौधरोपण किया जाए। उन्होंने सड़कों के दोनों ओर एक ही प्रजाति के पौधों के रोपण के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क किनारे सजावटी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने साइट के लिए थीम का चयन कर, उसके अनुरूप पौधरोपण सुनिश्चित कराए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में मियावाकी पद्धति के अंतर्गत पौधरोपण के लिए चयनित स्थलों को समय से तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण को आय सृजन एवं व्यावसायिक दृष्टि से जोड़ने पर बल देते हुए निर्देशित किया कि फलदार एवं आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाए तथा व्यक्तिगत पौधरोपण को प्रोत्साहित किया जाए।
इसके अतिरिक्त, कार्बन क्रेडिट के माध्यम से आय अर्जन की संभावनाओं के दृष्टिगत वन विभाग को कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित थीम तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।