Maharajganj News : डेढ़ साल पहले ही बनी टूटी नाली ने खोली सिस्टम की पोल, सड़कों पर उतरे लोग!
10-Apr-2026
Total Views |
भिटौली। परतावल के वार्ड नंबर 8 छत्रपति शिवाजी नगर में मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को मोहल्लेवासियों ने टूटी नाली और जल निकासी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले ही बनी नाली घटिया सामग्री के चलते समय से पहले ही टूट गई। नाली टूटने से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिनमें गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे अच्छेलाल और रजनी राजभर ने बताया कि मोहल्ले में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। बरसात के दौरान हालात और बदतर हो जाते हैं जब पानी सीधे घरों और दरवाजों तक पहुंच जाता है।
लोगों ने यह भी बताया कि मोहल्ले में स्थित पोखरे की हालत बेहद खराब है। उसकी खोदाई कराए जाने की जरूरत है ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। प्रदर्शन में दिलीप राजभर, जोगिंदर पाल, गणेश पाल, अच्छेलाल, राजू राजभर, हेमंत कन्नौजिया, चंद्रेश पाल, सुग्रीव, रजनी राजभर, मंजू देवी, चन्द्रवती, रीता देवी, संतीरा देवी, ममता, अनिता, सुमित्रा, अजोरिया सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी कनुप्रिया शाही ने कहा कि नाली से जुड़ी समस्या की सूचना मिली है। जल्द ही इसका समाधान करा दिया जाएगा।