Maharajganj News : कागज़ों में पूरा हकीकत में अधूरा ! 35 लाख खर्च, फिर भी बंद ये शौचालय!

    09-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के सोनौली नगर पंचायत में 35.18 लाख रुपए की लागत से बना सार्वजनिक शौचालय और स्नानघर अब सवालों के घेरे में है। वार्ड नंबर पांच, गौतमबुद्ध नगर में बना यह शौचालय कागजों में पूरा है लेकिन हकीकत में यह अभी तक आम जनता के लिए चालू नहीं हो सका है।

परियोजना के शिलापट्ट पर इसे 25 अक्टूबर 2024 को ही पूर्ण दर्शाया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। निर्माण पूरा होने की तारीख बीत जाने के बावजूद, यह सुविधा अभी तक शुरू नहीं हुई है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राहुल यादव ने बताया कि शौचालय का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। हालांकि, इसका भुगतान पहले ही किया जा चुका है। इस स्थिति से कार्यदायी संस्था, नगर पंचायत सोनौली की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।


सोनौली सीमा से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मालवाहक वाहन नेपाल आते-जाते हैं। इन वाहन चालकों और यात्रियों को शौच, स्नान और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए इस शौचालय का उद्घाटन न होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों की नाराज़गी की वजह बन गया है।