Maharajganj News : चौंकाने वाले आंकड़े! करीब 2 लाख नाम गायब, क्या है इसकी असली वजह?
11-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में शुक्रवार को एसआईआर प्रक्रिया के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के समक्ष निर्वाचक नामावली के अंतिम सूचना का प्रकाशन किया।
जारी आंकड़ों के अनुसार, जनपद में पहले 19,92,459 मतदाता थे लेकिन अंतिम मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 17,92,128 रह गई है। 76,642 पुरुष, 1,23,681 महिला और आठ थर्ड जेंडर मतदाता कम हुए हैं।
जिलाधिकारी ने फरेंदा, नौतनवा, सिसवा, महराजगंज एवं पनियरा विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के संबंध में बताया कि जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 17,92,128 है। विधानसभावार आंकड़ों को देखें तो फरेंदा में 3,30,511, नौतनवा में 27,187, 317, सिसवा में 3,64,498, महराजगंज में 3,77,551 व पनियरा में 3,92,381 मतदाता हैं।
अंतिम आलेख्य के प्रकाशन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अफजल अब्बास (जिला महासचिव) व विनोद कुमार सिंह उपाध्याय (कांग्रेस), विद्यासागर यादव (जिलाध्यक्ष, सपा) व आनंद श्रीवास्तव (नगर अध्यक्ष), राघवेंद्र तिवारी (भाजपा) व पशुपतिनाथ गुप्ता और दामोदर गोयल (जिला सचिव, आम आदमी पार्टी) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रतियां भी उपलब्ध कराईं। साथ ही उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग और समर्थन के लिए राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचन कार्यालय की पूरी टीम सहित एसआईआर कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना इस पूरी प्रक्रिया को पूरा करना संभव नहीं था।
प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार ने अवगत कराया कि कांग्रेस, भाजपा और सपा के प्रतिनिधियों को अंतिम आलेख्य उपलब्ध करा दिया गया है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत कुमार, अपर उपजिलाधिकारी प्रेमशंकर पांडेय, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, प्रधान सहायक राजेश कुमार वर्मा मौजूद रहे।