Maharajganj News : जांच के बावजूद बेलगाम स्कूल वाहन! बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे
11-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में एआरटीओ के निर्देशन में स्कूल वाहनों के मानक लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है और ऑनलाइन पोर्टल पर स्कूल व स्कूली वाहनों का रियल टाइम डाटा भी अपलोड किया जा रहा है। इसके बावजूद स्कूली वाहन बेखौफ नियम की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
जिले में 1000 से अधिक वाहन स्कूल वाहन के रूप में पंजीकृत हैं। लेकिन स्कूलों में इससे अधिक गाड़ियों का स्कूल वाहन के रूप में संचालन किया जा रहा है। ज्यादातर स्कूल वाहनों का रंग न तो मानक के अनुरूप है न उन पर चालक का नाम व मोबाइल नंबर अंकित है। अधिकांश स्कूलों के वाहन खुलेआम नियमों की अनदेखी कर फर्राटा भर रहे हैं।
अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए महंगे स्कूलों में दाखिला करवाते हैं। स्कूल प्रबंधन भी किताब, कॉपी, ड्रेस और वाहन सुविधा के नाम पर मोटी फीस वसूलते हैं, लेकिन बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं है। विभाग ने स्कूली वाहनों के रंग, पहचान और अन्य मानक निर्धारित किए हैं, बावजूद नियमों की अनदेखी हो रही है। जबकि इन नियमों को प्रभावी करने के पीछे मंशा रही कि आपातकालीन स्थिति में तत्काल सूचना मिले जिससे राहत बचाव तत्काल प्रभावी हो, लेकिन नियम अनुपालन न होने से स्थिति पूर्ववत है।