Maharajganj News : घायल मिला युवक फिर मौत ! परिजनों ने बताया हत्या, गांव में भारी तनाव
11-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के इलाहावास गांव के लखनपुर टोला निवासी 24 वर्षीय जितेंद्र मौर्य की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि बीते 3 अप्रैल को बृजमनगंज थाना क्षेत्र के हबीबगढ़ गांव के पास जितेंद्र संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए नौगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जितेंद्र के साथ मारपीट की गई थी और यह एक सुनियोजित हत्या है। सूचना मिलते ही सीओ फरेंदा अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में सोनौली, बृजमनगंज, कोल्हुई, नौतनवा और पुरंदरपुर थानों की पुलिस के साथ पीएसी बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।