Maharajganj News : रात के अंधेरे में SP का अचानक छापा! थाने में ऐसा क्या मिला कि तुरंत हुई सस्पेंशन की कार्रवाई

    13-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार देर रात थाना कोतवाली फरेन्दा का औचक निरीक्षण कर महकमे में हड़कंप मचा दिया। अचानक हुए इस निरीक्षण में थाना परिसर की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ गई।

निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, साफ-सफाई, थाना कार्यालय, साइबर/महिला हेल्प डेस्क सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया, जिसमें कई कमियां पाई गईं। इन कमियों पर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उपनिरीक्षक बीरबल चौहान को निलंबित किया गया तथा प्रभारी निरीक्षक फरेन्दा, वरिष्ठ उ0नि0 व ड्यूटी मुंशी के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के आदेश जारी किए गए।


अभिलेखों में पूर्णता और नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने थाने पर लंबित प्रार्थना पत्रों और प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ साथ उन्होंने प्रभारी निरीक्षक फरेन्दा और कर्मचारियों को जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी, और प्रभावी ढंग से निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया। विशेष रूप से, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि थाना स्तर पर पुलिसिंग जनता के विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान जरूरी है, ताकि लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके।