Maharajganj News : खुशी से निकली बारात, लेकिन लौटे नहीं तीन युवक! क्या हुआ बीच रास्ते?
14-Apr-2026
Total Views |
सिसवा बाजार। सोनबरसा गांव में जहां शाम को बैंड-बाजे के साथ धूमधाम से नाचे-गाते बरात निकली थी वहीं कुछ ही देर बाद एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। सीओ निचलौल बसंत सिंह और एसडीएम सिद्धार्थ सिसवा सीएचसी पहुंचे। इसके बाद थाने पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, सोनबरसा निवासी साहिल, किसन और घुघली के टेढ़वा कुटी निवासी अमरीश एक ही बाइक पर सवार होकर बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान हुए सड़क हादसे में तीनों की जान चली गई।
किसन के पिता भिख्खु ने बताया कि उनका पुत्र मुंबई में कपड़ा फैक्ट्री में कार्य करता था। साहिल सूरत में साड़ी पर छपाई का काम करता था। दोनों 20 दिन पहले ही घर लौटे थे। शादी में जाने के लिए दोनों तैयार होकर निकले थे। शादी में शामिल होने आया अमरीश भी दोनों के साथ हो गया और तीनों एक बाइक से बरात के लिए निकल गए। शादी से लौटकर दोनों फिर वापस अपने काम पर लौटने वाले थे।
साहिल के पिता सूरत में ही काम करते हैं। भिख्खु गांव के ही नदी नाले से मछली पकड़ कर बाजार में बेचकर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। किसन भिख्खु का बड़ा बेटा था। इस हृदय विदारक घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। बस चालक मौके से भाग निकला।