Maharajganj News : अस्पताल में अचानक बढ़ी भीड़! क्या फैल रहा है कोई नया संक्रमण?
14-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे ओपीडी काउंटर पर सुबह से शाम तक लंबी कतारें लगी रहीं। अचानक बढ़ी इस भीड़ ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
इन दिनों मौसम में हो रहे तेज उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश, उल्टी-दस्त जैसी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या में अचानक इजाफा हुआ है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि इन दिनों रोजाना 140 से 180 मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। अधिकांश मरीज वायरल संक्रमण की चपेट में हैं। एक सप्ताह पहले यह संख्या 100 से 120 के बीच होती थी। डॉ. पवन सिंह ने कहा कि मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिन में गर्मी और रात में ठंडक का अंतर वायरल फीवर, सर्दी-खांसी को बढ़ावा दे रहा है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में यह समस्या ज्यादा देखी जा रही है।
डॉक्टर की सलाह है कि मौसम के बदलाव में सतर्क रहें। ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, हल्का और पौष्टिक भोजन करें। बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें और भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचें। अगर बुखार, खांसी या सांस की तकलीफ हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। अनावश्यक एंटीबायोटिक्स से बचें।