Maharajganj News : तार के सहारे झूल रहा हाईटेंशन खंभा! कब गिर जाए, इस डर में जी रहे लोग

    14-Apr-2026
Total Views |

अड्डा बाजार।
क्षेत्र के गजरही रेलवे ढाला गेट 35 सी के पास एक बड़ा हादसा कभी भी हो सकता है। इस के निकट लोहे का बिजली का खंभा टूटकर तार के भरोसे तिरछा होकर झूल रहा है। इसी के सहारे संपतिहां ट्रांसमिशन से अड्डा बाजार तक 33 केवीए हाईटेंशन की बिजली की आपूर्ति की जा रही है। जानकारी के बावजूद संबंधित अधिकारी मामले को नजरअंदाज कर रहे हैं। इस लापरवाही पर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।

गजरही के अरुण कुमार सिंह, बरवां खुर्द के विनय कुमार सिंह, मुड़ेहरा बाजार के केशव, गजरहा के हरी लाल यादव और किशुनदेव शर्मा ने बताया कि गोरखपुर-नौतनवा रेल खंड पर रेलवे के समानांतर रेलवे विभाग की अंतिम सीमा पर हाईटेंशन के खंबे लगे हैं। इसी से नौतनवा और अड्डा बाजार हाइडिल की बिजली आपूर्ति होती है।


नईकोट रेलवे स्टेशन और नौतनवा के बीच हाईटेंशन बिजली के दो खंभे टूटे पड़े हैं। आंधी, तूफान, बरसात में खंभों के गिरने की आशंका है। तब इसका खामियाजा क्षेत्र वासियों को भुगतना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों ने टूटे खंभे जल्द बदलने की मांग की है।

इस संबंध में अवर अभियंता शशिकांत वर्मा ने बताया कि सिर्फ गेहूं कटने का इंतजार था ताकि किसानों का नुकसान ना हो। अब बहुत जल्द नए खंभे लगा दिए जाएंगे।