Maharajganj News : अब बिना अंगूठा लगे भी हो जाएगी रजिस्ट्री! क्या है नई तकनीक जो बदल देगी पूरी प्रक्रिया?

    14-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
निबंधन कार्यालयों में रजिस्ट्री व बैनामा की प्रक्रिया अब पहले से ज़्यादा आसान बना दिया गया है। 1 अप्रैल 2026 से लागू नयी व्यवस्था के तहत अगर किसी व्यक्ति का अंगूठा स्कैन नहीं होता है तो फेस स्कैनर के जरिए उसकी पहचान पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए जिला मुख्यालय के अलावा नौतनवां, निचलौल व फरेंदा तहसील में स्कैनर उपलब्ध कराए गए हैं।

एक अप्रैल से लागू नई व्यवस्था के तहत अब अंगूठे की छाप अनिवार्य नहीं रह गई है। इस सहूलियत से खासतौर पर बुजुर्गों व शारीरिक रूप से कमजोर लोगों की राहत मिलेगी। जिला निबंधक कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 100 से 150 लोग रजिस्ट्री व बैनामा कराने पहुंचते हैं।


इसमें 25 से 30 ऐसे लोग होते हैं, जिनके अंगूठे के निशान स्पष्ट नहीं आते। ऐसे लोगों को कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता था। बार-बार प्रयास करने के बाद भी काम पूरा नहीं हो पाता था। कई मामलों में लोगों को अगले दिन फिर से आना पड़ता था।

निबंधन कार्यालय महराजगंज के अधिवक्ता आलोक कुमार मिश्रा ने बताया कि फेस स्कैनर तकनीक पूरी तरह सुरक्षित और आधुनिक है। इससे किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका नहीं रहती। नई व्यवस्था लागू होने के बाद रजिस्ट्री प्रक्रिया में तेजी आई है। पहले एक बैनामा में जहां 30 से 35 मिनट तक लगते थे, अब यह समय घटकर 10 से 15 मिनट रह गया है। इसलिए अब अनावश्यक भीड़ नहीं एकत्र हो रही।