Maharajganj News : फार्मर रजिस्ट्री में ढिलाई पड़ी भारी! 2-2 घंटे में हिसाब मांग रहे अधिकारी
14-Apr-2026
Total Views |
नौतनवा। फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को जल्द से जल्द शत-प्रतिशत पूर्ण कराने को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गए हैं। नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव सोमवार की सुबह कार्यालय में बैठकर इसकी समीक्षा करते हुए यथास्थिति का जायजा लेते रहे। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले लेखपालों को कड़ी हिदायत दी और दो-दो घंटे में उनकी कार्य प्रगति की स्थिति का अपडेट लेते रहे।
नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री कराने में लेखपालों की लापरवाही को हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोमवार को सभी लेखपाल क्षेत्रवार इस कार्य में लगे रहे। पुष्टि के लिए हर दो घंटे में अपडेट देने का समय भी तय किया गया था।
इसके अनुसार लगातार दोपहर 12 बजे, 2 बजे, 4 बजे व 6 बजे व्हाट्सएप ग्रुप एवं फोन के माध्यम से उनकी कार्य प्रगति का अपडेट लिया गया। कुछ लेखपालों के कार्य सुस्त मिलने पर उन्हें चेताया गया है। यदि सुधार नहीं हुआ तो उनके विरुद्ध शासकीय कार्यों में लापरवाही के दृष्टिगत विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।