Maharajganj News : गैस एजेंसी का बड़ा खेल उजागर! बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर, FIR दर्ज

    14-Apr-2026
Total Views |

निचलौल।
शहर स्थित भारत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में धांधली का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं के प्रदर्शन और शिकायतों के बाद अब एजेंसी के प्रोपराइटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान सिंह ने बताया है कि बीते आठ अप्रैल को घरेलू गैस न मिलने के चलते कुछ उपभोक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया था। मामले में एसडीएम ने उन्हें जांच करने का निर्देश दिया था। मौके पर जांच करने पहुंचे तो गैस एजेंसी बंद मिली। जबकि मौके पर मौजूद उपभोक्ता और उनके परिजनों ने कहा कि गैस एजेंसी का कार्यालय अक्सर बंद ही रहता है। कृष्ण मोहन निवासी ठूठीबारी ने कहा कि 19 मार्च को घरेलू गैस की बुकिंग की गई और 20 को डिलीवरी का मैसेज भी आ गया है। लेकिन एजेंसी की ओर से गैस सिलिंडर की डिलीवरी नहीं की गई। इतना ही नहीं उन्हें बार बार दौड़ाया जा रहा है।


वहीं कौशल निवासी बरवा कृपाल ने बताया कि पत्नी के नाम से कनेक्शन है। 18 मार्च को डिलीवरी के लिए मैसेज आ चुका है लेकिन गैस नहीं मिली है। जबकि पासबुक भी जमा है। गैस एजेंसी अक्सर बंद रहती है। सुधांशु नारायन तिवारी निवासी लोहिया, निचलौल ने बताया कि छह अप्रैल को बुकिंग कराई थी लेकिन अभी तक गैस सिलिंडर नहीं मिला है।

इसी तरह रामसूरत निवासी मेघौली खुर्द, उषा देवी निवासी कपरौली, नमिता निवासी महाशय मुहल्ला निचलौल, सुभावती देवी निवासी जयश्री, राजकेशी देवी और सुशीला देवी निवासी करवतही उर्फ कटका, सरोज निवासी पिपरिया बोदना, अमिना खातून निवासी बनकटवा, शबनम, सुनीता, रीता, रामावती, कांती निवासी बुढ़ाडीह कला, सोनी, महिबुन निशा, फूला देवी, किरन, मीरा देवी, सीता, बिंदू, प्रियंका, मनोज कुमार गुप्ता, माधुरी सहित कई उपभोक्ताओं ने भी गैस वितरण में धांधली करने और एजेंसी के प्रोपराइटर की मनमानी करने का बयान दर्ज कराया।

जांच में पता चला कि उक्त भारत गैस एजेंसी की ओर से शासन के निर्देशों का पालन न कर मोटी मुनाफा कमाने के लिए गैस वितरण में धांधली की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान सिंह की तहरीर पर भारत गैस एजेंसी निचलौल के प्रोपराइटर आसमा खातून के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।