Sports News : खेल मैदान तैयार, लेकिन हालत देख भड़के डीएम ! आखिर क्यों?

    15-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज
। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने जिला खेल स्टेडियम में नव निर्मित वॉलीबाल, लॉन टेनिस तथा बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मैदान में उगी झाड़ियों तथा फैली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वि/रा) को निर्देशित किया कि नगर पालिका एवं पंचायत के सफाई कर्मियों की टीम गठित कर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लॉन टेनिस एवं वॉलीबाल कोर्ट का निरीक्षण करते हुए कहा कि मैदान के चारों ओर मिट्टी भराई कर किनारों एवं पटरी को समतल किया जाए, जिससे खिलाड़ियों को किसी प्रकार की शारीरिक चोट न पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि टेनिस बॉल को बाहर जाने से रोकने के लिए कोर्ट के चारों ओर मजबूत जाली लगाई जाए। बैडमिंटन हॉल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ी बेहतर ढंग से अभ्यास कर सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल सुविधाओं का विकास युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवीन कुमार गोयल, उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला क्रीड़ा अधिकारी मौजूद रहे।