Maharajganj News : अचानक रद्द हुई इंटरसिटी एक्सप्रेस! 10 दिन तक यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें

    15-Apr-2026
Total Views |

नौतनवा।
गोरखपुर-नौतनवा रूट पर चलने वाली छपरा-नौतनवा इंटरसिटी एक्सप्रेस को रेलवे प्रशासन ने 30 अप्रैल से 9 मई तक निरस्त कर दिया है। इस फैसले से इस रूट पर यात्रा करने वाले हज़ारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

गोरखपुर या अन्य स्थानों पर जाने के लिए यात्रियों को रोडवेज बस से अधिक किराया देकर यात्रा करनी पड़ेगी। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जंक्शन स्टेशन का पुनर्विकास का कार्य तेजी से हो रहा है। पुनर्विकास के अंतर्गत गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-05 एवं 06 पर पैदल ओवरब्रिज पुल के निर्माण कार्य के लिए यातायात एवं पावर ब्लॉक दिए जाने के कारण गाड़ियों का निरस्तीकरण, शार्ट टर्मिनेशन एवं शार्ट ओरिजिनेशन किया जाएगा। इस कार्य के पूरा हो जाने पर यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आने-जाने में सुविधा होगी।


पुल निर्माण कार्य होने से छपरा से चलकर नौतनवा तक आने वाली 15105 छपरा नौतनवा इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा नौतनवा से चलकर छपरा तक जाने वाली 15106 नौतनवा छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस 30 अप्रैल से 09 मई तक निरस्त रहेगी। इस ट्रेन के निरस्त होने से इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होगी।

इसी तरह नौतनवा से चलकर गोरखपुर जंक्शन तक जाने वाली 55070 नौतनवा गोरखपुर सवारी गाड़ी 30 अप्रैल से 09 मई तक गोरखपुर जंक्शन के स्थान पर नकहा जंगल रेलवे स्टेशन पर यात्रा समाप्त करेगी। यह गाड़ी नकहा जंगल-गोरखपुर जंक्शन के बीच निरस्त रहेगी।

गोरखपुर-बढ़नी 55075 सवारी गाड़ी 30 अप्रैल से 9 मई तक गोरखपुर के स्थान पर नकहा जंगल से चलाई जाएगी। यह गाड़ी गोरखपुर-नकहा जंगल के बीच निरस्त रहेगी। नौतनवा से 30 अप्रैल से 09 मई, 2026 तक चलने वाली 75116 नौतनवा-गोरखपुर 75116 डेमू गाड़ी गोरखपुर के स्थान पर नकहा जंगल पर यात्रा समाप्त करेगी। यह गाड़ी नकहा जंगल-गोरखपुर के बीच निरस्त रहेगी।

गोरखपुर से चलकर बढ़नी तक जाने वाली 75117 गोरखपुर-बढ़नी डेमू गाड़ी 30 अप्रैल से 9 मई तक गोरखपुर जंक्शन के स्थान पर नकहा जंगल से चलाई जाएगी। यह गाड़ी गोरखपुर-नकहा जंगल के बीच निरस्त रहेगी। नौतनवा स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम ने बताया कि गोरखपुर जंक्शन पर निर्माण कार्य होने के कारण 30 अप्रैल से 9 मई तक के लिए छपरा नौतनवा इंटरसिटी एक्सप्रेस को निरस्त किया गया है।