Maharajganj News : मैसेज में डिलीवरी, घर पर खाली चूल्हा, गैस एजेंसी का फर्जी सप्लाई और कालाबाजारी का बड़ा खेल उजागर

    15-Apr-2026
Total Views |

सिंदुरिया।
महराजगंज के बागापार स्थित श्रीलक्ष्मी एचपी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में है। एजेंसी पर उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी गैस डिलीवरी दिखाकर सिलेंडरों की कालाबाजारी करने का आरोप लगा है। उपभोक्ताओं की शिकायत पर जिलापूर्ति अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

उपभोक्ता संतोष कुमार त्रिपाठी के मोबाइल पर एचपी गैस की ओर से डिलीवरी का मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज में 22 मार्च 2026 को गैस बुकिंग और डिलीवरी पूर्ण होने की जानकारी के साथ कैश मेमो नंबर भी अंकित था जबकि संबंधित उपभोक्ता को वास्तविक रूप से गैस सिलेंडर मिला ही नहीं। इस घटना के बाद अन्य ग्रामीणों ने भी इसी तरह की शिकायतें सामने रखीं।


ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं की जानकारी का दुरुपयोग कर फर्जी डिलीवरी दर्ज करवा रहे हैं और सिलेंडरों को खुले बाजार में 1300 से 1600 रुपये तक ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इससे आम लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और उन्हें महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है।

पहले भी एजेंसी के खिलाफ शिकायतें की गईं लेकिन कार्रवाई के अभाव में इस तरह की अनियमितताएं लगातार बढ़ती गईं। इस बार ठोस प्रमाण के रूप में मोबाइल मैसेज सामने आने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ ही आंदोलन करने को बाध्य होंगे।