Maharajganj News : टावर पर चढ़ा था शादी की जिद में ! अब पहुंचा सीधे जेल
15-Apr-2026
Total Views |
नौतनवा। ग्राम सभा महदेइया में मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा करने वाले युवक विशाल भारती पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। परसामलिक पुलिस ने मंगलवार को युवक का शांति भंग की धारा में चालान कर उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया था, जहाँ से मजिस्ट्रेट नवीन प्रसाद ने युवक की जमानत अर्जी को नामंजूर करते हुए उसे जेल भेज दिया।
बता दें कि परसामलिक क्षेत्र निवासी युवक विशाल भारती सोमवार की सुबह करीब 11 बजे परिजनों पर प्रेमिका से शादी का दबाव बनाने के लिए महदेइया स्थित एक टावर पर चढ़ गया था। इससे अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस के घंटों मान-मनौवल के बावजूद युवक अपनी ही जिद पर अड़ा रहा तो थक-हारकर उसकी प्रेमिका को ही मौके पर बुलाना पड़ा।
टावर पर चढ़े युवक से मौके पर पहुंच प्रेमिका ने मोबाइल फोन के जरिए बात कर उसे नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया। करीब सात घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद युवक किसी तरह नीचे उतरा तब जाकर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया और अगले दिन उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।